कोरबा को मिला अत्याधुनिक ‘शिवाय हॉस्पिटल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, महापौर संजू देवी राजपूत तथा कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल के गरिमामय उपस्थिति में हुआ भव्य लोकार्पण।

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। शहर के हृदय स्थल टी.पी. नगर (न्यू बस स्टैंड) में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘शिवाय हॉस्पिटल’ का भव्य शुभारंभ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने फीता काटकर अस्पताल को जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत तथा कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में शहर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सुविधाओं में मील का पत्थर – लखनलाल देवांगन
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले के लिए यह दिन स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘शिवाय हॉस्पिटल’ जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं वाले संस्थान के शुरू होने से अब जिले के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े महानगरों की ओर भागना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनों, अनुभवी डॉक्टरों और पारदर्शी व्यवस्था के साथ यह अस्पताल आम जनता को बेहतर, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवा प्रदान करेगा।
शहरवासियों ने दी शुभकामनाएं
इस ऐतिहासिक अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं और कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के इस प्रयास की सराहना की।
एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय सुविधाएं
‘शिवाय हॉस्पिटल’ को एक सुपरस्पेशलिटी सेंटर के रूप में विकसित किया गया है, जहाँ मरीजों को आधुनिक और समग्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल की प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं—
100 बेड की क्षमता वाला सर्वसुविधायुक्त अस्पताल परिसर
अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण और मशीनें
अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तथा प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ
24 घंटे आपातकालीन सेवा और एम्बुलेंस सुविधा
पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था
अब कोरबा में ही मिलेगा महानगरों जैसा इलाज
अस्पताल के संचालक डॉ. दिविक एच. मित्तल (न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन), आशीष भावनानी (B.Arch) और डॉ. यशा मित्तल (CEO) ने बताया कि उनका उद्देश्य कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही महानगरों जैसी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि अब तक गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बाहर जाना पड़ता था, लेकिन ‘शिवाय हॉस्पिटल’ के माध्यम से अब कोरबा में ही बेहतर और आधुनिक उपचार संभव हो सकेगा।


